जमशेदपुर टीम के लिए जूनियर स्टेट बास्केटबॉल ट्रायल संपन्न, कोच जेपी सिंह ने खिलाड़ियों को दिया मार्गदर्शन
📍 जमशेदपुर |A2REPORTS
आगामी जूनियर स्टेट झारखंड बास्केटबॉल चैंपियनशिप के लिए जमशेदपुर टीम चयन हेतु आयोजित ट्रायल रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 29 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक साहेबगंज में आयोजित होगी।
केपीएस कदमा परिसर में सुबह 8 बजे शुरू हुए ट्रायल में 90 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल, फिटनेस और टीम भावना का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
पूरी चयन प्रक्रिया का संचालन मोहम्मद आरिफ आफताब, जलाल शेख, अजहर खान और सुप्रिया करण की देखरेख में किया गया।
वहीं ट्रायल को सुव्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने में शबानुल हक, अमित कुमार शर्मा, अंजलि, विशाल, दीपक और अरहान सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
चयन प्रक्रिया के तहत बालक और बालिका वर्ग से 12-12 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा, जो आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
ट्रायल के दौरान भारतीय टीम के कोच जेपी सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को बास्केटबॉल के मूलभूत कौशलों का व्यावहारिक प्रदर्शन कर खेल की बारीकियों से अवगत कराया।
उन्होंने फिटनेस, अनुशासन, रणनीति और टीमवर्क के महत्व पर जोर देते हुए खिलाड़ियों को आगामी चैंपियनशिप के लिए मानसिक रूप से मजबूत रहने की सलाह दी।
🔥 खिलाड़ियों में दिखा जोश
पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सभी प्रतिभागियों ने अंतिम टीम में स्थान बनाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
आयोजकों का मानना है कि इस ट्रायल से चुनी गई टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करेगी और जमशेदपुर का नाम रोशन करेगी।


Comments
Post a Comment